
पेट्रोल डालकर जलाने के मामले में लखनऊ के आर्मी अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम; एसपी के आश्वासन के बाद हटाया जाम
रामगढ़/कैमूर। कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहुका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की इलाज के दौरान मौत की खबर मिलते ही गुरुवार को क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। जवान की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रामगढ़ के दुर्गा चौक पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
बताया जाता है कि 9 सितंबर को जमीन के पैसों के विवाद को लेकर शत्रुघ्न यादव को पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का आरोप लगाया गया था। घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गए थे। प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें लखनऊ स्थित आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 16 सितंबर की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।जवान की मौत की खबर सहुका गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश भी फैल गया।
ग्रामीणों का कहना था कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने दुर्गा चौक पर पहुंचकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण आवागमन प्रभावित हुआ और मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई।एसपी के पहुंचने के बाद हुई बातचीतमामले की गंभीरता को देखते हुए कैमूर एसपी शिखर चौधरी स्वयं रामगढ़ पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों, परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मामले में अब तक हुई कार्रवाई और एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर अपनी मांग रखी।पुलिस अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों और परिजनों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। बातचीत और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने दुर्गा चौक से सड़क जाम हटा लिया।
इसके बाद यातायात सामान्य कराया गया।तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अन्य की गिरफ्तारी की मांगपुलिस के अनुसार मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि ग्रामीण एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जवान की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।ग्रामीणों और परिजनों की मांग है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो तथा मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाए। पुलिस की ओर से भी मामले के सभी पहलुओं की जांच किए जाने की बात कही गई है।फिलहाल शत्रुघ्न यादव की मौत के बाद सहुका गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
