छात्राओं की सुरक्षा पर पुलिस दीदी की पहल, 112 और 181 की दी जानकारी

छात्राओं को पुलिस दीदी ने बताए सुरक्षा के उपाय, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

चैनपुर/कैमूर। चैनपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिरसी में शुक्रवार को छात्राओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस दीदी ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।पुलिस दीदी ने छात्राओं को बताया कि विद्यालय आने-जाने के दौरान यदि कोई शरारती तत्व उनके साथ छेड़छाड़ करता है या किसी प्रकार से परेशान करता है, तो उन्हें घबराने या चुप रहने की जरूरत नहीं है।

ऐसी स्थिति में वे 181 नंबर पर फोन कर पुलिस दीदी की सहायता ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस छात्राओं की सुरक्षा के लिए हमेशा उनके साथ है।उन्होंने छात्राओं को यह भी जानकारी दी कि यदि घर या आसपास किसी व्यक्ति द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जाता है, डराया-धमकाया जाता है या किसी अन्य प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ता है, तो वे तत्काल 112 या 181 नंबर पर संपर्क कर सकती हैं। पुलिस द्वारा उनकी शिकायत पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को समझाया गया कि किसी भी असहज या संदिग्ध परिस्थिति में अपनी बात अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस तक पहुंचाएं और समस्या को छिपाने का प्रयास न करें।

पुलिस दीदी ने छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाते हुए कहा कि किसी भी परेशानी की स्थिति में उन्हें अकेले सामना करने की जरूरत नहीं है, पुलिस उनकी सहायता के लिए हमेशा तत्पर है।इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आपात स्थिति में उपलब्ध पुलिस सहायता के बारे में जानकारी देना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा जारी रखने तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जागरूक किया गया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!