मोहनिया में बड़ा सड़क हादसा! नहर में गिरी बाइक, 3 युवकों की मौत

अनियंत्रित वाहन की टक्कर से बाइक नहर में गिरी, तीन युवकों की दर्दनाक मौत

मोहनिया/कैमूर। कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बाइक से मोहनिया की ओर आ रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे स्थित नहर में जा गिरी।

हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बघिनी गांव निवासी विकास कुमार, बिट्टू कुमार और दिलखुश राय के रूप में हुई है।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना मोहनिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नहर में गिरी बाइक तथा तीनों युवकों के शवों को बाहर निकाला।पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां शवों को देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा।इधर, मोहनिया पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक में टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था और हादसा किस परिस्थिति में हुआ। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना के कारणों की जांच कर जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!