
पाढ़ी मध्य विद्यालय में स्वच्छता संवाद, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने ली स्वच्छता शपथस्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत के संदेश के साथ बच्चों को स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
चांद/कैमूर। स्वच्छता के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को चांद प्रखंड अंतर्गत ग्राम पाढ़ी स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय पाढ़ी में स्वच्छता संवाद एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ की थीम के साथ चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच स्वच्छता को लेकर संवाद किया गया। विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ विद्यालय, घर, गली-मोहल्ले एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के महत्व के बारे में बताया गया। इस दौरान बच्चों को स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
यदि लोग अपने घर के साथ-साथ अपने आसपास के वातावरण को भी साफ रखने का संकल्प लें, तो गांव और समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाया जा सकता है।इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता शपथ ली। शपथ के माध्यम से स्वच्छता बनाए रखने, दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा अपने आसपास गंदगी नहीं फैलाने का संकल्प लिया गया।शपथ कार्यक्रम के दौरान रविशंकर बिहार प्रखंड सामान्य एवं रंजीत कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक विद्यालय में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
हमें स्वयं स्वच्छ रहने के साथ-साथ अपने आसपास और पड़ोस के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना चाहिए।उन्होंने कहा कि “स्वस्थ रहें, मस्त रहें और स्वच्छ रहें, क्योंकि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ जीवन ही सबसे बड़ा धन है।” उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे स्वच्छता का संदेश अपने घर और समाज तक पहुंचाएं तथा परिवार के सदस्यों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में स्वच्छता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने भी अभियान के उद्देश्यों को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि छोटे-छोटे प्रयासों और सामूहिक सहभागिता से स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
