स्वच्छता ही सेवा 2026: कैमूर में सामूहिक श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश

एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान” के जरिए स्वच्छता का दिया संदेश

भभुआ/कैमूर। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत गुरुवार, 1 अक्टूबर को कैमूर जिले में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान का नेतृत्व उप विकास आयुक्त रोहित कर्दम, भा.प्र.से. ने किया।

इस दौरान समाहरणालय परिसर के विभिन्न हिस्सों में पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सामूहिक श्रमदान करते हुए साफ-सफाई की। साथ ही स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में डीआरडीए के निदेशक प्रीतम आनंद, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा, जिला समन्वयक, जिला सलाहकार, कार्यक्रम परियोजना अधिकारी, डीजीसी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, भभुआ के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक, स्वच्छता पर्यवेक्षक, स्वच्छता कर्मी एवं अन्य कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।इसी क्रम में कैमूर जिले के सभी प्रखंडों की सभी पंचायतों में भी “एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान” कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता पर्यवेक्षकों, स्वच्छता कर्मियों तथा स्थानीय लोगों ने सहभागिता करते हुए सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई अभियान चलाया।सामूहिक सहभागिता पर जोरकार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना, सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छ वातावरण का निर्माण करना तथा आम नागरिकों को अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित करना रहा।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रोहित कर्दम ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने जिलेवासियों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।उन्होंने कहा कि “स्वच्छता हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है—आइए, स्वच्छ कैमूर के निर्माण में अपना योगदान दें।”अभियान के माध्यम से प्रशासन ने स्वच्छता को केवल एक सरकारी कार्यक्रम न मानकर इसे जनभागीदारी से जुड़े अभियान के रूप में आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट /

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!