गयाजी से पिंडदान कर लौट रही महिला तीर्थ यात्री को ट्रक ने कुचला, मौत

कुदरा/कैमूर। कुदरा थाना क्षेत्र के नसेज गांव के समीप एनएच-19 पर शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में एक महिला तीर्थ यात्री की मौत हो गई। महिला गयाजी से पिंडदान कर तीर्थ यात्रियों के साथ अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी महिला अचानक ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत असरार गांव निवासी राम कुशल कुशवाहा की 55 वर्षीय पत्नी सुमित्रा कुशवाहा के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे वे शव लेकर सदर अस्पताल भभुआ पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।परिजनों ने बताया कि सुमित्रा कुशवाहा तीर्थ यात्रियों के समूह के साथ दो बसों में यात्रा पर निकली थीं। इस दौरान कई धार्मिक स्थलों का भ्रमण करने के बाद सभी लोग गयाजी पहुंचे और वहां पिंडदान किया। पिंडदान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी तीर्थ यात्री बसों से अपने घर लौट रहे थे।इसी क्रम में नसेज गांव के पास बस रुकी थी। सुमित्रा कुशवाहा बस से उतरकर सड़क के किनारे खड़ी थीं।

बताया गया कि इसी दौरान एक बाइक आने पर वह साइड होने लगीं, तभी अचानक तेज गति से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की गई। घटना के बाद तीर्थ यात्रियों और परिजनों के बीच शोक का माहौल है।

। ( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!