हाटा में स्वच्छता के लिए एकजुट हुआ शहर, सामूहिक श्रमदान से दिया बड़ा संदेश

चैनपुर/कैमूर। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत चैनपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत हाटा में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने तथा स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।अभियान में नगर पंचायत हाटा के अध्यक्ष रमेश जायसवाल, कार्यपालक पदाधिकारी, स्वच्छता पदाधिकारी, नगर पंचायत के पार्षदगण, कार्यालय कर्मी, स्वच्छता साथी, सफाई मित्रों के साथ स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सभी ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।इस दौरान लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया और अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों, गलियों एवं अन्य स्थानों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि केवल सरकारी प्रयासों से ही शहर को पूरी तरह स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता, बल्कि इसमें आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने घर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखें, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। सामूहिक प्रयासों से ही हाटा को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर नगर पंचायत के रूप में विकसित किया जा सकता है।“एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान के जरिए नगर पंचायत हाटा में स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखकर इसे जन-जन की जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया गया।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!