‘सत्य, अहिंसा और स्वच्छता’ का संदेश लेकर निकली कला जत्था की टीम, चौक-चौराहों पर होगा जागरूकता अभियान

भभुआ/कैमूर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर को कैमूर समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में विशेष नमन एवं संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों के चित्रों पर जिला पदाधिकारी सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों एवं मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भाव के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करता है।

उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, संवेदनशीलता तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा को महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।नुक्कड़ नाटक के जरिए होगा जन-जागरूकता अभियानकार्यक्रम के बाद शिक्षा विभाग द्वारा गठित कला जत्था (नुक्कड़ नाटक दल) की टीम को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। रवाना होने से पहले टीम ने समाहरणालय परिसर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशा मुक्त भारत, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया एवं 24×7 ऑनलाइन क्लासेज जैसे विषयों पर गीत और नाटक के माध्यम से जागरूकता संदेश दिया।सेवा संकल्प अभियान के तहत कला जत्था की टीम जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं चौक-चौराहों पर जाकर जन-जागरूकता अभियान चलाएगी।

इसमें भभुआ के एकता चौक, चांदनी चौक सहित मोहनिया अनुमंडल के प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक, प्रेरणादायी संवाद एवं गीतों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।अभियान के दौरान महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों, विचारों और स्वच्छता संदेशों के साथ-साथ राज्य सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों, विकास योजनाओं एवं सामाजिक सुधार अभियानों की जानकारी भी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता, सामान्य शाखा सहित जिला प्रशासन के वरीय एवं कनीय पदाधिकारी तथा समाहरणालय के कर्मी उपस्थित रहे।

( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!