
बघेला गांव के सिवान में 78.400 किलो गांजा बरामद, दो गिरफ्तार
चैनपुर/कैमूर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चैनपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बघेला गांव के सिवान क्षेत्र में छापेमारी कर 78.400 किलोग्राम गांजा बरामद किया। मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ 46,590 रुपये नकद और एक बाइक भी जब्त की गई है।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के पानापुर धर्मपुर गांव निवासी रविंद्र चौरसिया के पुत्र मंटू चौरसिया तथा चैनपुर थाना क्षेत्र के बघेला गांव निवासी राम सनेही सिंह के पुत्र घनश्याम सिंह के रूप में हुई है।
भभुआ एसडीपीओ ओमप्रकाश ने सोमवार शाम करीब 4:30 बजे प्रेस वार्ता में बताया कि चैनपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि बघेला गांव से करीब 300 मीटर दूर सिवान क्षेत्र में गांजा बिक्री के लिए छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद उनके नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक पेड़ के नीचे दो व्यक्ति काले रंग के बड़े तिरपाल के पास बैठे मिले। पुलिस को देखते ही दोनों वहां से भागने लगे। पुलिस जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान एक आरोपित के पास से 46,500 रुपये और दूसरे के पास से 90 रुपये नकद बरामद हुए।इसके बाद पुलिस ने तिरपाल की तलाशी ली तो उसके नीचे छिपाकर रखा गया 78.400 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों गांजा की बिक्री के लिए मौके पर मौजूद थे।पुलिस अब बरामद गांजा के स्रोत और इसकी संभावित सप्लाई के ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
