
भभुआ/कैमूर। बिहार राजस्व अमीन संघ के आह्वान पर अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को कैमूर जिला मुख्यालय पर राजस्व अमीनों ने एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना दिया। धरने में जिले के राजस्व अमीनों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और विभाग से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की।धरने के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राजस्व अमीन संवर्ग से जुड़ी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन समस्याओं के समाधान को लेकर संघ की ओर से विभागीय स्तर पर लगातार पहल की जाती रही है।
इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से राजस्व अमीनों में असंतोष व्याप्त है।संघ के अनुसार, 15 मई 2026 को बिहार राजस्व अमीन संघ के शिष्टमंडल और विभागीय स्तर के अधिकारियों के बीच वार्ता हुई थी। इस बैठक में राजस्व अमीन संवर्ग की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई थी। संघ का कहना है कि उस समय विभाग की ओर से मांगों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी मांगों पर अपेक्षित प्रगति नहीं हुई।इसी के विरोध में बिहार राजस्व अमीन संघ ने 24 सितंबर 2026 को निर्णय लेते हुए 5 अक्टूबर को राज्य के जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना आयोजित करने का निर्णय लिया था।
इसी निर्णय के तहत कैमूर जिला मुख्यालय पर भी राजस्व अमीनों ने धरना देकर अपनी मांगों को विभाग के समक्ष रखा।धरने के दौरान ट्रांसफर-पोस्टिंग, वेतन वृद्धि, टीए-डीए तथा नापी के पैमाने समेत राजस्व अमीनों से संबंधित विभिन्न मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राजस्व अमीनों की कार्य संबंधी जिम्मेदारियों और समस्याओं को देखते हुए विभाग को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।संघ ने कहा कि राजस्व अमीन राजस्व एवं भूमि संबंधी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके संवर्ग से जुड़ी लंबित समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाना आवश्यक है। पदाधिकारियों ने विभाग से पूर्व में हुई वार्ता में उठाए गए मुद्दों पर जल्द कार्रवाई करते हुए मांगों के समाधान की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की।राजस्व अमीन संघ के इस एक दिवसीय धरने के माध्यम से विभाग को अपनी लंबित मांगों के प्रति ध्यान आकृष्ट कराया गया। संघ ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते हुए उम्मीद जताई कि सरकार एवं विभाग उनकी समस्याओं पर शीघ्र निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
