
समाज की सुरक्षा नशामुक्ति से,बुजुर्गों की सुरक्षा कानून से: मोहनिया में एक मंच पर गूंजा दोहरा संदेश: बुजुर्गों को मिला सम्मानजिला पदाधिकारी
, कैमूर(भभुआ) के निर्देशानुसार वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, कल्याण एवं सम्मान तथा नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 05 अक्टूबर 2026 को बुनियाद केंद्र, मोहनिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार, नई दिल्ली, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, कैमूर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बुनियाद केंद्र, मोहनिया के प्रभारी श्री राकेश कुमार द्वारा किया गया।इस अवसर पर जिला प्रबंधक, सक्षम, कैमूर द्वारा उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों एवं लाभार्थियों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, उनके सम्मानजनक जीवन, परिवार एवं समाज की जिम्मेदारियों तथा वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं संरक्षण से संबंधित प्रावधानों के बारे में जागरूक किया।कार्यक्रम के दौरान अंतरपीढ़ी बंधन (Intergenerational Bonding) के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि वरिष्ठ नागरिक हमारे परिवार एवं समाज के अनुभव और ज्ञान के महत्वपूर्ण स्रोत हैं।
युवा पीढ़ी को वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना रखते हुए उनके साथ बेहतर संबंध स्थापित करने चाहिए।कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्गों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता का आह्वान किया गया।कार्यक्रम के अंत में जिला प्रबंधक, सक्षम द्वारा उपस्थित सभी लाभार्थियों एवं वरिष्ठ नागरिकों को नशामुक्ति तथा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण, सम्मान एवं कल्याण के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कल्याणकारी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना, उनके प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करना है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
