
पटना एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का भव्य स्वागत, चिंतन शिविर में भाग लेने नालंदा विश्वविद्यालय पहुंचेपटना। भारत सरकार के संसदीय एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरन रिजिजू के पटना आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पटना एयरपोर्ट पर बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के माननीय मंत्री मोहम्मद जमा खान ने उनका औपचारिक रूप से स्वागत किया। इस अवसर पर पार्टी एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति से माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
केंद्रीय मंत्री श्री रिजिजू पटना पहुंचने के बाद सीधे चिंतन शिविर में भाग लेने हेतु ऐतिहासिक नगरी नालंदा स्थित नालंदा विश्वविद्यालय के लिए रवाना हुए। इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री मोहम्मद जमा खान स्वयं उनके साथ रहे और पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।बताया गया कि नालंदा विश्वविद्यालय में आयोजित इस चिंतन शिविर में अल्पसंख्यक कल्याण, शिक्षा, सामाजिक समरसता तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जाएगा।
विभिन्न राज्यों से आए जनप्रतिनिधि एवं विशेषज्ञ भी इसमें भाग ले रहे हैं।मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि बिहार सरकार अल्पसंख्यकों के उत्थान, शिक्षा के प्रसार और रोजगार सृजन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस चिंतन शिविर से प्राप्त सुझावों से राज्य एवं देश में योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बिहार सरकार के आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयास से अल्पसंख्यक समुदाय के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।
पटना एयरपोर्ट से नालंदा तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर विशेष तैयारियां की गई थीं। राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में इस चिंतन शिविर को लेकर विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।
(अफसार आलम की रीपोर्ट)
