मोहनिया नगर पंचायत का अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन

मोहनिया नगर पंचायत का अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन, चांदनी चौक समेत कई इलाकों से हटाए गए अवैध कब्जेमोहनिया। मोहनिया नगर पंचायत प्रशासन ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में सख्त कदम उठाते हुए मंगलवार को व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान चांदनी चौक, स्टूवरगंज, भभुआ रोड एवं रामगढ़ रोड की सर्विस सड़क किनारे से अवैध कब्जों को हटाया गया। नगर पंचायत की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सड़क किनारे अतिक्रमण कर व्यवसाय चला रहे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल दिखा।

अभियान के तहत दुकानदारों द्वारा लगाए गए अस्थायी शेड, टीन-टप्पर, ठेले-खोमचे तथा सड़क पर रखे गए सामान को हटाया गया। कई स्थानों पर जेसीबी और मजदूरों की मदद से अवैध संरचनाओं को हटाया गया, जिससे सड़क पर आवागमन बाधित होने की समस्या दूर हो सके।अभियान का नेतृत्व नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सुधांशु कुमार ने स्वयं किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क और नाली पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए यह कार्रवाई आवश्यक थी। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए नगर पंचायत की टीम के साथ पुलिस बल भी तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। उम्मीद जताई जा रही है कि इस अभियान से बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।नगर पंचायत प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर के अन्य हिस्सों में भी नियमित रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।

। ( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!