
नाद में डूबने से तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातमचांद (कैमूर): चांद थाना क्षेत्र अंतर्गत सौखरा गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां घर के पास रखे पानी से भरे नाद में डूबने से एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सौखरा गांव निवासी रामू पासवान की लगभग तीन वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह पास में रखे पानी से भरे नाद के समीप पहुंच गई। आशंका जताई जा रही है कि संतुलन बिगड़ने के कारण वह नाद में गिर गई और पानी में डूब गई।कुछ समय तक बच्ची नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। घर और आसपास काफी तलाश के बाद जब परिजनों की नजर पानी से भरे नाद पर पड़ी तो उसमें बच्ची डूबी हुई मिली।
आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना तत्काल चांद थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया।मृतका की पहचान रामू पासवान की पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
