चैनपुर प्रखंड में पंचायत समिति की अहम बैठक विकास योजनाओं की गहन समीक्षा

समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश

चैनपुर प्रखंड सभागार में शुक्रवार को पंचायत समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख रिंकु देवी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश द्वारा की गई।

बैठक में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक की शुरुआत में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई तथा संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत की गई।

इसके पश्चात मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल-जीवन-हरियाली, सड़क एवं नाली निर्माण, आंगनबाड़ी सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा हुई।ब्लॉक प्रमुख रिंकु देवी ने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराएं। उन्होंने विशेष रूप से अधूरे पड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने मनरेगा के तहत लंबित भुगतान, आवास योजना की प्रगति, एवं शौचालय निर्माण की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।बैठक के दौरान पंचायत समिति सदस्यों ने पेयजल समस्या, सड़क मरम्मत, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की कमी, तथा जनवितरण प्रणाली में अनियमितता जैसे मुद्दे उठाए।

अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं प्रखंड कर्मी उपस्थित रहे। अंत में विकास कार्यों को गति देने एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संकल्प के साथ बैठक का समापन किया गया।

। ( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!