
पंजाब से घर लौट रहे युवक लापता, परिजनों ने चांद थाने में दिया आवेदनकैमूर (चांद): कैमूर जिला अंतर्गत चांद थाना में एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के ग्राम कुड्डी निवासी छोटा कन्हैया के पुत्र शिवम कुमार उर्फ सुनील कुमार के अचानक लापता हो जाने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवम कुमार रोज़गार के सिलसिले में पंजाब गए हुए थे। वहां कुछ महीनों तक काम करने के बाद उन्होंने अपने गांव कुड्डी लौटने का निर्णय लिया।
परिजनों के अनुसार, शिवम ने ट्रेन से घर लौटने की बात कही थी और वह पंजाब से ट्रेन पर सवार भी हो गए थे। लेकिन ट्रेन पर बैठने के बाद से अब तक लगभग 11 से 12 दिन बीत चुके हैं, बावजूद इसके उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।परिजनों ने बताया कि शिवम के साथ काम करने वाले अन्य लोगों से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वे सभी ट्रेन से अपने-अपने घर सुरक्षित लौट आए हैं।

लेकिन शिवम अपने घर नहीं पहुंचे। इसके बाद से परिवार के लोग लगातार रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रहे हैं, परंतु अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।युवक के लापता होने की सूचना मिलते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। अंततः परिजनों ने चांद थाना में आवेदन देकर प्रशासन से युवक की जल्द खोजबीन करने और सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है।
थाना प्रशासन ने आवेदन प्राप्त कर मामले की छानबीन शुरू करने का आश्वासन दिया है। पुलिस द्वारा संबंधित रेलवे मार्गों एवं संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है।ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि लापता युवक का पता चल सके और परिजनों को राहत मिल सके।
लाइव समाचार 7, कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट
