
वार्षिकोत्सव सह सम्मान समारोह में छात्रों की प्रतिभा का हुआ सम्मानआर्य भट ज्ञान विज्ञान स्कूल, हाटा में शिक्षा और संस्कृति का संगमकैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत हाटा स्थित आर्य भट ज्ञान विज्ञान स्कूल, हाटा में आज भव्य वार्षिकोत्सव सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक समरसता की सुंदर झलक देखने को मिली। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के प्रोफेसर माननीय श्री कमल सिंह एवं मगध विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह उपस्थित रहे।
दोनों विद्वानों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।अपने संबोधन में प्रोफेसर कमल सिंह ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। वहीं प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रसार समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक और विज्ञान प्रदर्शनी शामिल रहे। विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।विद्यालय के डायरेक्टर राजेश कुमार सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक संस्कार प्रदान करना है। प्रिंसिपल होरिला सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन का माध्यम बना, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।
लाइव समाचार 7, कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट
