
जिले के चांद प्रखंड में जनता दल (यूनाइटेड) की संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर रविवार को प्रखंड सभा कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक सह चुनाव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के सक्रिय सदस्यों, वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।बैठक के दौरान प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
सर्वसम्मति और निर्विरोध समर्थन के साथ सतीश कुमार पटेल को लगातार चौथी बार चांद प्रखंड का अध्यक्ष चुना गया। उनके नाम का प्रस्ताव उपस्थित सदस्यों द्वारा रखा गया, जिसे सभी ने हाथ उठाकर समर्थन दिया।चुनाव की घोषणा होते ही सभा कक्ष तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को फूल-मालाओं से सम्मानित किया और बधाई दी।

वक्ताओं ने कहा कि सतीश कुमार पटेल के नेतृत्व में पार्टी ने प्रखंड स्तर पर संगठन को मजबूत किया है और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है।अपने संबोधन में सतीश कुमार पटेल ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत उनकी नहीं, बल्कि पूरे संगठन की जीत है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को मजबूती से आगे बढ़ाते हुए संगठन को और सशक्त बनाने का कार्य करेंगे। साथ ही आगामी चुनावों को लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया।बैठक में पार्टी की भावी रणनीति, सदस्यता अभियान और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में संगठन को और मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया गया।
(कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
