
होली और रमजान को लेकर चैनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजितभभुआ (कैमूर), 25 फरवरी 2026: आगामी होली पर्व और पवित्र रमजान महीने को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को चैनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस निरीक्षक, चैनपुर द्वारा की गई।बैठक में चैनपुर प्रखंड के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं, वार्ड सदस्यों, बुद्धिजीवियों, धार्मिक गुरुओं तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
सभी ने एक स्वर में क्षेत्र में आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखने पर जोर दिया।पुलिस निरीक्षक ने उपस्थित लोगों से अपील की कि होली और रमजान जैसे महत्वपूर्ण पर्वों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने सुझाव भी रखे।
वक्ताओं ने कहा कि दोनों पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देते हैं, इसलिए सभी समुदायों को मिल-जुलकर त्योहार मनाना चाहिए। साथ ही डीजे, जुलूस मार्ग, नमाज के समय एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर आपसी समन्वय बनाए रखने पर भी चर्चा की गई।प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।थाना परिसर में आयोजित इस शांति समिति की बैठक को सकारात्मक पहल मानते हुए लोगों ने विश्वास जताया कि चैनपुर में होली और रमजान दोनों पर्व पारंपरिक उत्साह और सौहार्द के साथ संपन्न होंगे।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
