
चांद प्रखंड सभाकक्ष में एडीएम कैमूर की समन्वय बैठक, नल-जल योजना की खामियों पर सख्त निर्देशभभुआ (कैमूर): चांद प्रखंड सभाकक्ष में आज एडीएम कैमूर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही, जहां सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
विशेष रूप से नल-जल योजना से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।बैठक के दौरान एडीएम ने पाया कि कई पंचायतों में नल-जल योजना का कार्य अधूरा है, कहीं मोटर खराब पड़ी है तो कहीं पाइपलाइन लीकेज के कारण नियमित जलापूर्ति बाधित है। कुछ स्थानों पर विद्युत आपूर्ति की समस्या और पंप ऑपरेटरों की कमी भी सामने आई।
इस पर एडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।एडीएम ने स्पष्ट कहा कि नल-जल योजना सरकार की प्राथमिकता में है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराएं।
साथ ही खराब पड़े मोटर, पाइपलाइन मरम्मत एवं जलापूर्ति व्यवस्था को अविलंब दुरुस्त करने को कहा गया।बैठक में अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। शिक्षा, स्वास्थ्य, आपूर्ति, मनरेगा एवं राजस्व विभाग से संबंधित प्रगति रिपोर्ट ली गई। एडीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आम जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई।बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पीएचईडी विभाग के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
। ( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
