कैमुर के कुदरा में पुलिस ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प कझार घाट गांव में देर रात बवाल

कैमुर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कझार घाट गांव में बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक टकराव हो गया। घटना के बाद गुरुवार सुबह सैकड़ों ग्रामीणों ने कुदरा-भभुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे लगभग 6 घंटे तक आवागमन बाधित रहा।पुलिस के अनुसार, 15 दिन पहले गिरफ्तार एक व्यक्ति के बेल पर छूटने की खुशी में गांव में नर्तकी डांस और शराब पार्टी चल रही थी। सूचना के सत्यापन के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा पथराव और फायरिंग की गई।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक ग्रामीण को गोली लगने की सूचना है, जिसका इलाज जारी है। कुछ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की बात कही गई है।वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने बिना उकसावे के घरों में घुसकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और कई घरों के दरवाजे व वाहनों को क्षतिग्रस्त किया।

ग्रामीणों का कहना है कि देर रात अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे, तभी पुलिस ने कार्रवाई की।सुबह होते ही फूटा आक्रोशघटना के विरोध में गुरुवार सुबह करीब 6 बजे से ग्रामीणों ने बांस-बल्ली लगाकर मुख्य सड़क जाम कर दी। जाम के कारण मालवाहक और यात्री वाहन फंसे रहे। प्रदर्शनकारियों ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।प्रशासन पहुंचा मौके परमौके पर मोहनिया की एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी और डीएसपी प्रदीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। प्रशासन ने ग्रामीणों से बातचीत कर जाम हटाने की अपील की।

एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने कहा कि सड़क जाम समाधान नहीं है। लोगों की शिकायतें सुनी जा रही हैं और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पर पथराव और फायरिंग की गई थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। गोली लगने की घटना की जांच की जा रही है।प्राथमिकी दर्ज, गिरफ्तारी जारीपुलिस ने इस मामले में 28 लोगों को नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है। गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात है।फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!