
लग्जरी वाहन से बिहार लाई जा रही शराब कैमूर पुलिस ने NH 19पर दुर्गावती में 38 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, लग्जरी वाहन जप्त
सावठ के समीप NH-19 पर पुलिस की संयुक्त कार्रवाईकैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर सावठ के समीप शुक्रवार की अहले सुबह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। दुर्गावती पुलिस एवं एंटी लिकर टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में एक लग्जरी कार से 38 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने प्रयुक्त वाहन को भी जप्त कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से शराब की एक खेप कार के माध्यम से बिहार लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एंटी लिकर टास्क फोर्स के प्रभारी एसआई रौशन कुमार एवं दुर्गावती थाना के एसआई विरेद्र राम पुलिस बल के साथ NH 19 पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार करने लगे।कुछ ही देर में उत्तर प्रदेश की ओर से एक मारुति कार बिहार सीमा में प्रवेश करती दिखाई दी।
पुलिस द्वारा वाहन को रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और थोड़ी दूरी पर उसे पकड़ लिया।वाहन की तलाशी लेने पर कार के अंदर से कुल 38 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके पर ही दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनजी चौधरी, निवासी सनरौली इस्माइलपुर थाना मोहनिया (कैमूर) एवं मनु कुमार, पिता अरविंद उपाध्याय, निवासी अमरा तालाब बढ़ईयाबाग सासाराम के रूप में की गई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की यह खेप किसके लिए लाई जा रही थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को मजबूती मिली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती इलाकों में लगातार सघन जांच अभियान जारी रहेगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
