
बेगमपुरा शहर बसाने की परिकल्पना समाज में समानता और भाईचारे का संदेश: मनोज कुमारमसोई (चैनपुर), कैमूर, 1 मार्च 2026।अखिल भारतीय रविदासिया धर्म संगठन, जिला इकाई कैमूर के तत्वावधान में संत शिरोमणि जगत गुरु रविदास महाराज की 649वीं जयंती समारोह का भव्य आयोजन श्री गुरु रविदास धाम, मसोई (चैनपुर) में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री गुरु रविदास धाम मसोई के अध्यक्ष राजेश कुमार ने की, जबकि संचालन रामशीष लोहिया एवं संगठन के जिला अध्यक्ष राजा राम ने संयुक्त रूप से किया।कार्यक्रम का उद्घाटन सासाराम के लोकसभा सांसद मनोज कुमार ने किया।
मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय धर्म प्रचारक संत रामकिशन दास (भोपाल) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में संत अनमोल दास (पुणे), प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार (बिहार), प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार, संत रमेश पवारे (पुणे), प्रदेश महासचिव जयशंकर राम एवं कवि श्यामलाल दास (प्रदेश उपाध्यक्ष) सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।उद्घाटन संबोधन में सांसद मनोज कुमार ने कहा कि जगत गुरु रविदास महाराज ने “बेगमपुरा” जैसे आदर्श समाज की परिकल्पना की थी ऐसा शहर जहां कोई छोटा-बड़ा न हो, न शोषण हो और न भेदभाव।
उन्होंने अमृतवाणी का उल्लेख करते हुए कहा“सत संगत मिल रहिए माधव, जैसे मधुप मखीराअर्थात समाज को मधुमक्खियों की तरह संगठित होकर रहना चाहिए।उन्होंने संत रविदास के जाति-विरोधी विचारों को उद्धृत करते हुए कहा“रविदास जाति मत पूछिए, का जात का पात।ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र सबन की इक जात॥”उन्होंने कहा कि संत रविदास ने जाति-पाति की संकीर्णता को समाप्त कर मानवता को सर्वोपरि माना और समानता, सत्य, करुणा, मैत्री, प्रज्ञा एवं शांति को ही सच्चा धर्म बताया।प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने संगठन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अखिल भारतीय रविदासिया धर्म संगठन एक गैर-राजनीतिक, विशुद्ध धार्मिक संगठन है, जिसका लक्ष्य देश में शांति, भाईचारा, भयमुक्त समाज, नशामुक्ति और शिक्षा के माध्यम से मानवतावादी विचारधारा को स्थापित करना है।
प्रदेश महासचिव जयशंकर राम ने कहा कि संत रविदास ने भक्ति काल में सामाजिक परिवर्तन की लड़ाई लड़ी और मध्यम मार्ग का संदेश दिया। उन्होंने संत की अमृतवाणीचाहूं ऐसा राज में जहां मिले सभन को अन्न,छोट-बड़ो सब सम बसें, रविदास रहे प्रसन्न।का उल्लेख करते हुए कहा कि संत की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और मानव कल्याण का मार्ग दिखाती हैं।उन्होंने यह भी कहा कि संगठन यूजीसी बिल का पूर्ण समर्थन करता है और इसके लागू होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार रंजन ने संगठन की नैतिकता और ईमानदारी पर बल दिया।समारोह में प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार,प्रदेश सचिव सुनील कुमार सुमन, जिला उपाध्यक्ष टुन्ना बैरागी, कमलेश दास, डॉ. नर सिंह दास, शिवबचन दास (पुजारी, मसोई धाम), मिथिलेश कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में अनुयायी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन संत रविदास के आदर्शों पर चलने और समाज में समानता, सद्भाव एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
