
चांद प्रखण्ड प्रांगण में धूमधाम से होली खेली गई, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिया भाईचारे का संदेश
चांद (कैमूर): रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर चांद प्रखण्ड प्रांगण में इस वर्ष पहली बार भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व चांद प्रखण्ड प्रमुख चंदन सिंह ने किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी मो. हदीद खान, अंचलाधिकारी सतीश गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष अखिलेश नारायण सिंह, सुजीत कुमार सिंह, जनता दल (यू) के प्रखंड अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि गुड्डू जी, महताब भाई मुखिया, बबलू सिंह मुखिया, भानु प्रताप सिंह (पूर्व पैक्स अध्यक्ष, पाढ़ी पंचायत), सतेंद्र सिंह तथा भाजपा कार्यकर्ता महेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान प्रखण्ड परिसर रंग-बिरंगे गुलाल से सराबोर नजर आया। पारंपरिक गीतों और उत्सवी माहौल के बीच सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि यह दिलों को जोड़ने और पुराने मनमुटाव भुलाकर नई शुरुआत करने का अवसर है।प्रखण्ड प्रमुख चंदन सिंह ने कहा कि चांद प्रखण्ड में पहली बार इस तरह का सामूहिक होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि हम सभी को होली जैसे पावन पर्व को सामाजिक समरसता और सद्भावना के साथ मनाना चाहिए।अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि होली आपसी भाईचारे का पर्व है और इसे शांति, सौहार्द एवं मर्यादा के साथ मनाना चाहिए। कार्यक्रम के सफल आयोजन से प्रखण्ड क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया और लोगों ने इसे एक सकारात्मक पहल बताया।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
