
उर्दू मध्य विद्यालय सिकंदरपुर में होली मिलन समारोह, भाईचारे और सौहार्द का संदेश
चैनपुर (कैमूर): चैनपुर प्रखंड अंतर्गत उर्दू मध्य विद्यालय सिकंदरपुर में प्रधानाध्यापक मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में होली मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। पुस्तकालय सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं रसोइयों ने भाग लिया और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं रसोइयों को मीठा, अबीर-गुलाल एवं रुमाल भेंट कर होली की बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे का पर्व है, जो समाज में एकता और समरसता का संदेश देता है।
विद्यालय परिवार का यह प्रयास आपसी संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिका कुमारी कमलेश सिंह यादव एवं कुमारी संगीता सिंह ने प्रधानाध्यापक मनोज कुमार श्रीवास्तव को होली का उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रधानाध्यापक के नेतृत्व और सहयोगात्मक कार्यशैली की सराहना करते हुए विद्यालय के समग्र विकास में उनके योगदान की प्रशंसा की।कार्यक्रम की मुख्य विशेषता यह रही कि रमजान के पवित्र महीने के दौरान भी विद्यालय के सभी समुदायों के शिक्षकों ने आपसी सम्मान और सद्भाव के साथ एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।
यह दृश्य सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रेरक उदाहरण बना।समारोह के अंत में सभी ने मिलकर विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने तथा आपसी सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
