:

जगतगुरु संत रविदास जी महाराज के 649वें प्रकाशोत्सव पर कुडारी रविदास धाम में भव्य आयोजनदुर्गावती (कैमूर):जगतगुरु संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के 649वें प्रकाशोत्सव महापर्व के शुभ अवसर पर कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड अंतर्गत ग्राम कुडारी स्थित रविदास धाम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रामगढ़ विधायक सतीश यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता तथा ग्रामीण उपस्थित होकर संत रविदास जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके बाद भजन-कीर्तन, प्रवचन तथा संत रविदास जी के जीवन और उनके विचारों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवनकाल में समाज को समानता, भाईचारा और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर रामगढ़ विधायक सतीश यादव ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने विचारों और कार्यों से समाज में समरसता और समानता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने और समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।प्रकाशोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा प्रभात फेरी भी निकाली गई, जिसमें लोगों ने संत रविदास जी के जयकारे लगाए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष संत रविदास जी के प्रकाशोत्सव के अवसर पर रविदास धाम कुडारी में इस प्रकार के भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के कई गांवों से लोग बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।
इस आयोजन के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय समिति के सदस्यों और ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलकर समाज में समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
