
सीओ व कर्मचारी संघ की हड़ताल से बढ़ी जनता की परेशानी, सौखरा पंचायत के मुखिया ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएंचांद
(कैमूर):बिहार में सीओ और कर्मचारी संघ की जारी हड़ताल का असर अब आम जनता पर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। सरकारी कार्यालयों में कामकाज ठप होने से लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए ब्लॉक कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।इसी क्रम में कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत सौखरा पंचायत में भी हड़ताल का असर देखने को मिला। क्षेत्र के कई लोग अपनी समस्याओं और जरूरी कामों को लेकर पंचायत के मुखिया शेख ताहिर सिद्दीकी (महताब) के आवास पर पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने जमीन संबंधी कार्य, प्रमाण पत्र, राजस्व से जुड़े मामलों और अन्य प्रशासनिक समस्याओं को लेकर अपनी परेशानी साझा की।मुखिया शेख ताहिर सिद्दीकी ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।मुखिया ने बिहार सरकार से अपील करते हुए कहा कि सरकार को इस मामले में जल्द से जल्द कोई ठोस समाधान निकालना चाहिए, ताकि सरकारी कार्य सामान्य हो सके और जनता को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए ब्लॉक और अंचल कार्यालय ही अपनी समस्याओं के समाधान का मुख्य माध्यम होते हैं। ऐसे में कार्यालय बंद रहने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कई दिनों से जरूरी कार्य लंबित पड़े हैं और बार-बार ब्लॉक का चक्कर लगाने के बावजूद काम नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सरकार और कर्मचारी संगठनों से जल्द समझौता कर हड़ताल समाप्त करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही हड़ताल खत्म नहीं हुई तो समस्याएं और भी बढ़ सकती हैं, क्योंकि राजस्व और प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो चुके हैं।
(कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
