
दिनदहाड़े गोली मारकर व्यक्ति की हत्या, इलाके में दहशतपत्नी को मायके भेजने के दौरान हुई वारदात, आरोपी फरारभभुआ (कैमूर):कैमूर जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच एक बार फिर दिनदहाड़े हत्या की घटना ने लोगों को दहला दिया है। जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के महिला गांव में रविवार को एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।मृतक की पहचान 55 वर्षीय विष्णु कांत मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि घटना उस समय हुई जब वे अपनी पत्नी को उसके मायके भेजने के लिए गांव में ऑटो में बैठा रहे थे। दरअसल, उनकी पत्नी के पिता का हाल ही में निधन हो गया था, जिसके कारण वह अपने मायके जा रही थीं।

इसी दौरान अचानक पहुंचे आरोपी ने विष्णु कांत मिश्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।ग्रामीणों के अनुसार हमलावर ने विष्णु कांत मिश्रा पर करीब तीन गोलियां चलाईं। एक गोली उनके गाल में, दूसरी सीने में और तीसरी पीठ में लगी। गोली लगते ही वे मौके पर ही गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही कुढ़नी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है।मोहनिया के एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला गांव निवासी अमित कुमार दुबे ने विष्णु कांत मिश्रा की गोली मारकर हत्या की है। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन से अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
