
भभुआ में कांशीराम जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित, बसपा नेताओं ने सामाजिक न्याय पर दिया जोरभभुआ (कैमूर):कैमूर जिले के भभुआ स्थित लिच्छवी भवन में रविवार को बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम की जयंती के अवसर पर एक भव्य समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और कांशीराम के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि मान्यवर मुकेश अहिरवार (मुख्य जोन प्रभारी, बिहार) थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मान्यवर संतोष कुमार, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सासाराम उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मोहनिया विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी ओमप्रकाश दीवाना, भभुआ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल, करीम मास्टर, राजा खान, अरुण कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।कार्यक्रम की शुरुआत कांशीराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई।
इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने कांशीराम के जीवन, संघर्ष और उनके सामाजिक न्याय के आंदोलन पर विस्तार से चर्चा की। नेताओं ने कहा कि कांशीराम ने बहुजन समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक करने और उन्हें अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।मुख्य अतिथि मुकेश अहिरवार ने कहा कि कांशीराम के विचार आज भी समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उनके सिद्धांतों को गांव-गांव तक पहुंचाएं और सामाजिक समानता की लड़ाई को मजबूत करें।वहीं संतोष कुमार ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय, समानता और संविधान के मूल्यों के लिए संघर्ष करती रही है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की अपील की।इस अवसर पर बिहार के लगभग 10 जिलों से बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा की।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। समारोह में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के बताए मार्ग पर चलने और बहुजन समाज की आवाज को मजबूत करने का संकल्प लिया।
