भोजन व्यवस्था से नाराज़ विद्यार्थीयों का हंगामा स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप

कुदरा में छात्रावास के विद्यार्थियों ने NH-19 किया जाम, भोजन व्यवस्था को लेकर लगाए गंभीर आरोपकैमूर (भभुआ), दिनांक: 21 मार्च 2026कैमूर जिला अंतर्गत कुदरा नगर पंचायत स्थित आवासीय छात्रावास विद्यालय के विद्यार्थियों ने शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग NH-19 को जाम कर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

विद्यार्थियों ने स्कूल व्यवस्थापक पर भोजन एवं देखरेख में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए।प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का कहना था कि पिछले एक महीने से उन्हें नियमित रूप से भोजन नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार समय पर खाना उपलब्ध नहीं कराया जाता, जिससे वे भूखे-प्यासे रहने को मजबूर हैं। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें मजबूरी में बाजार जाकर भोजन करना पड़ रहा है, जबकि छात्रावास में रहने के बावजूद उनकी बुनियादी जरूरतों की अनदेखी की जा रही है।

छात्रों ने यह भी कहा कि इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिससे आक्रोशित होकर उन्हें सड़क जाम करने जैसा कदम उठाना पड़ा।घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जाम हटाया गया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पुनः सुचारू रूप से चालू कराया गया।

प्रशासन द्वारा मामले की जांच का आश्वासन दिया गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी छात्रों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!