
कुदरा नगर पंचायत के पार्षद को मिली जान से मारने की धमकी, थाने में दी गई लिखित शिकायतकैमूर (भभुआ), 24 मार्च 2026:जिले के कुदरा नगर पंचायत अंतर्गत लालापुर वार्ड संख्या-1 के पार्षद अरुण कुमार पाल को अज्ञात व्यक्ति द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है।
इस घटना के बाद पार्षद समेत उनका पूरा परिवार दहशत में है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 मार्च 2026, सोमवार की संध्या लगभग 7:47 बजे पार्षद अरुण कुमार पाल के मोबाइल नंबर पर दूसरे मोबाइल नंबर से कॉल कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी मिलने के बाद पार्षद और उनके परिजनों में भय का माहौल व्याप्त हो गया।घटना को गंभीरता से लेते हुए पार्षद अरुण कुमार पाल ने कुदरा थाना में लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।इस दौरान नगर पंचायत के उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मिथिलेश सिंह, अंकुर जायसवाल, विशाल कुमार, दूधनाथ समेत अन्य पार्षद भी थाना पहुंचे और पार्षद के समर्थन में प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखी।
सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस तरह की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित नंबर की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
