
मंत्री बनने के बाद पहली बार कैमुर पहुंचे पंचायतीराज मंत्री दीपक प्रकाश
(भभुआ), दिनांक:बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश मंत्री बनने के बाद पहली बार कैमूर पहुंचे। उनके आगमन पर मोहनिया के चांदनी चौक पर स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर आरएलएम के प्रदेश अध्यक्ष सह दिनारा विधायक आलोक सिंह भी मौजूद रहे।
दौरे के दौरान मंत्री दीपक प्रकाश ने महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।इस मौके पर मंत्री दीपक प्रकाश ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार के निर्विरोध चयन पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी आगे भी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और उन पर प्रभावी ढंग से काम करेगी।
कैमूर आगमन को लेकर मंत्री ने कहा कि विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका पहला दौरा है। यहां के लोगों का स्नेह और प्यार पाकर वे अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसके निर्वहन के लिए वे और अधिक संकल्पित होकर काम करेंगे।मंत्री ने आगे कहा कि बिहार सरकार की प्राथमिकता युवाओं के लिए रोजगार सृजन करना है।
आगामी पांच वर्षों में एक करोड़ नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे हासिल करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पंचायती राज विभाग के अंतर्गत जिला परिषद की भूमि के मोनेटाइजेशन के माध्यम से भी युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
