
कुदरा नगर पंचायत में सैरात बंदोबस्ती 2026-27 का बहिष्कार, बैठक बिना निर्णय समाप्त
(भभुआ), दिनांक 25 मार्च 2026:कुदरा नगर पंचायत कार्यालय में सैरात आम बंदोबस्ती वर्ष 2026-27 को लेकर आयोजित प्रक्रिया एक बार फिर विवादों में घिर गई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दिनांक 23 मार्च 2026 को डाक (बोली) आयोजित की जानी थी, लेकिन सशक्त स्थायी समिति की अनुपस्थिति के कारण बैठक संपन्न नहीं हो सकी।इसके बाद पुनः दिनांक 25 मार्च 2026 को दोपहर 12:00 बजे नगर पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बड़ी संख्या में इच्छुक लोगों की उपस्थिति रही, लेकिन वहां मौजूद सभी प्रतिभागियों ने सैरात बंदोबस्ती प्रक्रिया का सामूहिक रूप से बहिष्कार कर दिया।मौके पर उपस्थित अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा लागू किए गए नए नियमों को लेकर लोगों में नाराजगी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पदाधिकारी द्वारा यह कहा गया है कि सैरात की वसूली खड़े टेंपो एवं ठेला से नहीं की जाएगी, और यदि इस प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है तो टेंडर लेने वाले संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।इस निर्णय का विरोध करते हुए उपस्थित लोगों ने कहा कि वे यहां टेंडर लेने आए हैं, न कि अपने ऊपर मुकदमा दर्ज कराने के जोखिम के साथ कार्य करने।
जैसे ही यह जानकारी सामने आई, सभी लोगों ने एकजुट होकर इसका विरोध किया और प्रक्रिया का बहिष्कार कर दिया।वहीं, इस पूरे मामले पर जब मीडिया द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने विभागीय ऑनलाइन बैठक में व्यस्त होने की बात कही।इस घटनाक्रम के बाद सैरात बंदोबस्ती की प्रक्रिया फिलहाल अधर में लटक गई है और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
