
कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत ग्राम शिवरामपुर में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ मंत्री का अभिनंदन किया।स्वागत समारोह में गुप्तेश्वर सिंह, योगेश सिंह, सनी कपूर, प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद हदीद खान, ब्लॉक प्रमुख चंदन सिंह, मुखिया एवं मुखिया प्रतिनिधि, बीडीसी, सरपंच सहित शिवरामपुर क्षेत्र की बड़ी संख्या में सम्मानित जनता उपस्थित रही। सभी ने मंत्री को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायत स्तर पर चल रही योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली तथा स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायतों में अब तक जो भी समस्याएं सामने आती रही हैं—चाहे वह टेंडर से संबंधित हो या अन्य प्रशासनिक मुद्दे—उन्हें दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे पंचायतों में पारदर्शिता और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दे रही है और पंचायत स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिया गया।कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और जनता के बीच समन्वय से ही गांवों का समग्र विकास संभव है।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
