आध्यित्मिक उल्लास में डूबा केवढ़ी गांव भव्य शोभायात्रा के साथ दुर्गा प्रतिमा नगर परिभ्रमण

आध्यात्मिक उल्लास में डूबा केवढ़ी गांव, भव्य शोभायात्रा के साथ दुर्गा प्रतिमा नगर परिभ्रमणकैमूर (कुदरा): जिले के कुदरा प्रखंड अंतर्गत ग्राम केवढ़ी में चल रहे भव्य आध्यात्मिक आयोजन के तहत बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमा का नगर परिभ्रमण धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाला गया।

प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व आयोजित इस भव्य शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय हो उठा।शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ पूरे गांव का भ्रमण करते हुए मां दुर्गा के जयकारे लगाते नजर आए। महिलाओं और पुरुषों के साथ-साथ बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।

जगह-जगह ग्रामीणों ने शोभायात्रा का स्वागत कर पूजा-अर्चना की और पुष्पवर्षा कर वातावरण को और अधिक श्रद्धामय बना दिया।गौरतलब है कि ग्राम केवढ़ी में 20 मार्च से सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सह श्री दुर्गा प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत 20 मार्च को भव्य जलभरी शोभा कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों से जल भरकर धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत की।

इसके अगले दिन 21 मार्च को विधि-विधान के साथ देवताओं के आवाहन के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात शास्त्रों के अनुसार विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जा रहे हैं। 24 मार्च को अन्नाधिवास एवं अन्य संस्कार संपन्न हुए, जबकि 25 मार्च को महास्नान, नगर भ्रमण एवं शय्याधिवास का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।आयोजन के क्रम में 26 मार्च, गुरुवार को मां दुर्गा की प्रतिमा का प्रतिष्ठा दर्शन एवं भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी। वहीं 27 मार्च, शुक्रवार को यज्ञ की पूर्णाहुति, कथा समापन तथा विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में उदय प्रताप तिवारी, देवेन्द्र कुमार तिवारी, रविशंकर तिवारी, अशोक तिवारी, वीरेन्द्र तिवारी सहित समस्त तिवारी परिवार एवं केवढ़ी गांव के ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।आयोजकों ने बताया कि यह मंदिर सार्वजनिक रूप से सभी श्रद्धालुओं के लिए खुला है और क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों से इस पुण्य कार्य में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।

। ( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!