
लक्ष्य एकेडमी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव, बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा का रंगचैनपुर (कैमूर):प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत हाटा स्थित लक्ष्य एकेडमी स्कूल में रविवार को वार्षिकोत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला, जहां छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम ने शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति और प्रतिभा का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अंशु कुमार एवं अन्य अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में नगर पंचायत हाटा के उप चेयरमैन प्रदीप केशरी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में बालगोविंद बिंद (वीआईपी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष), बुल्लु मस्ताना (जिला परिषद सदस्य), अनुपम पांडेय (भाजपा जिला उपाध्यक्ष) एवं अनील केशरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।वार्षिकोत्सव के दौरान स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
नृत्य, गीत, नाटक एवं देशभक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और उमंग से भर गया।इस मौके पर विद्यालय के डायरेक्टर एवं प्रिंसिपल अभिषेक मिश्रा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अंशु कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय और अभिभावकों की समान भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी अन्य गतिविधियों में भी रुचि लें, ताकि बच्चे आगे बढ़कर समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों की छटा बिखरी रही, जिसने उपस्थित सभी लोगों के मन पर गहरी छाप छोड़ी।
