
कुदरा में दर्दनाक हादसा: एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौतकुदरा (कैमूर):कुदरा रेलवे स्टेशन के समीप रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व दिशा से पश्चिम की ओर जा रही एक तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
घटना रेलवे पोल संख्या 598/6 और 598/5 के बीच की बताई जा रही है। मृतका की पहचान अकतिमा हदीस (पति–सदिक), निवासी ग्राम सिढि, थाना अकबरनगर के रूप में की गई है।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, महिला अपने पति के साथ रेलवे पटरी पार कर रही थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया।
इसी दौरान तेज गति से आ रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से महिला का पैर फंस गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी (Government Railway Police) की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
