
शीर्षक:श्री राम जन्मोत्सव पर भरुहिया में सजा भव्य मेला, विराट दंगल में देशभर के पहलवानों ने दिखाया दमखमचांद (कैमूर):कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत ग्राम भरुहिया में श्री राम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भव्य मेले के साथ-साथ विराट दंगल का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में उत्सव और उत्साह का माहौल बना दिया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और दर्शकों की भीड़ उमड़ी।दंगल के अंतिम दिन देश के विभिन्न राज्यों से आए नामी पहलवानों ने अखाड़े में अपनी ताकत और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रमुख पहलवानों में शमशेर (कर्मनाशा), सत्येंद्र पहलवान (हरियाणा), अरविंद बजरंग (जम्मू-कश्मीर), शनि पहलवान (जम्मू), सत्येंद्र शर्मा तथा धीरज (मथुरा) शामिल रहे। इन नामी पहलवानों के बीच हुई मुकाबलों की कुल इनामी राशि 21 लाख 21 हजार रुपये रखी गई, जिसने प्रतियोगिता को और भी रोमांचक बना दिया।इसके अलावा लगभग 60 से 70 क्षेत्रीय पहलवानों ने भी दंगल में भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान करीब 40 से 45 कुश्तियां लड़ी गईं, जिनमें कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। कुछ कुश्तियों का स्पष्ट निर्णय हुआ, जबकि कई मुकाबले बराबरी पर भी समाप्त हुए, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।मेला परिसर में विभिन्न प्रकार की दुकानों, झूलों और खान-पान के स्टॉलों ने आकर्षण का केंद्र बने रहे, जहां लोगों ने जमकर आनंद उठाया।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस पारंपरिक आयोजन का भरपूर आनंद लिया।मेला समिति के सदस्य मलिक मिथिलेश दुबे ने बताया कि श्री राम जन्मोत्सव के अवसर पर यह मेला और दंगल का आयोजन सैकड़ों वर्षों से होता आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों के सहयोग से ही जीवित है और आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक खेलों के प्रति लोगों की आस्था और जुड़ाव को मजबूत किया।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
