
शौच के लिए गए वृद्ध की नदी में डूबने से मौत, पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिएकैमूर (भभुआ)/दुर्गावती:कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत उधपुरा गांव के समीप स्थित दुर्गावती नदी से शुक्रवार को एक वृद्ध व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।मृतक की पहचान उधपुरा निवासी स्वार्थी सिंह यादव (80 वर्ष), पिता स्वर्गीय जगरन्नाथ यादव के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार स्वार्थी सिंह यादव गुरुवार दोपहर घर से शौच या टहलने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे।
इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।शुक्रवार की सुबह गांव के कुछ लोग कृषि कार्य के लिए नदी तट की ओर गए, जहां उन्होंने एक शव को नदी में तैरते हुए देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान स्वार्थी सिंह यादव के रूप में की।घटना की जानकारी मिलने पर दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया।इस संबंध में सब-इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार पंडित ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।वहीं स्थानीय युवा समाजसेवी सह राजद नेता राकेश यादव उर्फ सोनू ने बताया कि वृद्ध गुरुवार को घर से निकले थे और संभवतः नदी में फिसलने या असंतुलन के कारण डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
