कुदरा में अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान

कुदरा में अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान, लोगों को बताए गए सुरक्षा उपायकैमूर। जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में अग्निशमन विभाग द्वारा आग से बचाव एवं सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कुदरा नगर पंचायत अंतर्गत भभुआ मोड़ के समीप स्थित स्मार्ट प्वाइंट पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को आगजनी की घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा आपात स्थिति में सही और त्वरित कदम उठाने के लिए प्रेरित करना था।

इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने बैनर और पोस्टर के माध्यम से आग लगने के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम में गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग, बिजली के उपकरणों के सही रख-रखाव, शॉर्ट सर्किट से बचाव के उपाय तथा घरों और दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखने की आवश्यकता पर विशेष रूप से जोर दिया गया।

टीम ने लोगों को बताया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।मौके पर मौजूद अग्निशमन विभाग के अधिकारी रितेश कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आग लगने की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दें और उपलब्ध संसाधनों से प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करें।

इस अवसर पर कांस्टेबल निशु कुमारी और कृति कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने लोगों को व्यवहारिक रूप से आग से बचाव के तरीकों की जानकारी दी और अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग का प्रदर्शन भी किया।अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और विभिन्न सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम से क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता और सतर्कता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!