
जिला पदाधिकारी ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश, गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा एवं विद्यालय प्रबंधन पर विशेष जोरजिला पदाधिकारी महोदय, कैमूर की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित शिक्षा संबंधी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने विद्यालयों में नामांकन की स्थिति, छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति, शिक्षण कार्य की गुणवत्ता, आधारभूत संरचनाओं की उपलब्धता, मध्याह्न भोजन योजना, छात्रवृत्ति वितरण, पोशाक एवं पुस्तक वितरण सहित अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिले में संचालित सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के बेहतर प्रबंधन एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए तथा शिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाया जाए। उन्होंने विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से परोसा जाए तथा इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु विद्यालयों में अनुशासित, प्रेरणादायक एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर संचालन व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करें।
साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के जिन विद्यालयों की भूमि अतिक्रमित है, उनका सर्वेक्षण कर समेकित प्रतिवेदन शीघ्र अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध कराया जाए। गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय में पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो, यह हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।बैठक में शिक्षा विभाग, कैमूर द्वारा तैयार वार्षिक गतिविधि कैलेंडर एवं ‘कैमूर चेतना सत्र’ की जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा सराहना की गई तथा इसे नवाचारपूर्ण पहल बताया गया।बैठक में शिक्षा विभाग के सभी पदाधिकारीगण, संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, बिहार शिक्षा परियोजना के पदाधिकारी/कर्मी एवं विद्यालय प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
