
जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था सामान्य, प्रशासन द्वारा सतत निगरानी एवं छापामारी जारीकैमूर जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित है तथा उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों द्वारा नियमित रूप से होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में एचपीसीएल, बीपीसीएल एवं आईओसीएल के अंतर्गत कुल 19 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं,
जिनमें एचपीसीएल की 04, बीपीसीएल की 05 एवं आईओसीएल की 10 एजेंसियां शामिल हैं।दिनांक 09 अप्रैल 2026 को जिले में कुल 6090 गैस सिलेंडर उपलब्ध थे, जिनमें से 3185 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है तथा वितरण की प्रक्रिया सतत जारी है। वर्तमान में जिले में 2905 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।
वहीं, कुल 20,998 लंबित बुकिंग को अगले दो से तीन दिनों के भीतर निष्पादित करने का प्रयास किया जा रहा है।एलपीजी गैस से संबंधित शिकायतों के त्वरित निष्पादन हेतु जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष संख्या 06189-222080 है। दिनांक 14 मार्च 2026 से अब तक कुल 493 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 419 शिकायतों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष 74 शिकायतों का समाधान यथाशीघ्र करने का प्रयास किया जा रहा है।
गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर नियमित रूप से छापामारी एवं जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।दिनांक 09 अप्रैल 2026 तक कुल 235 गैस एजेंसियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों यथा होटल, रेस्टोरेंट आदि की जांच की जा चुकी है।
जांच के दौरान यह पाया गया कि अधिकांश प्रतिष्ठानों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग नहीं किया जा रहा है। वहीं, रामपुर प्रखंड में अवैध गैस कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर 09 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।शहरी क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की डिलीवरी 25 दिनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के अंतराल पर ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर की जा रही है।जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा गैस संबंधी किसी भी समस्या के समाधान हेतु नियंत्रण कक्ष अथवा संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करें।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
