
किलनी में अंबेडकर जयंती पर बच्चों की प्रतिभा का सम्मान, प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
चांद (कैमूर) से संवाददाता:चांद प्रखंड अंतर्गत किलनी गांव में अंबेडकर छात्र संघ किलनी के तत्वावधान में भारत के महान संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संत रविदास मंदिर प्रांगण में ग्रामीण बच्चों के लिए एक विशेष प्रतियोगिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में गांव के दर्जनों बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में निबंध लेखन, भाषण, चित्रकला एवं सामान्य ज्ञान जैसे विभिन्न विधाओं को शामिल किया गया, जिसमें बच्चों ने अपने ज्ञान और रचनात्मकता का परिचय दिया।आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारना और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला और अभिभावकों ने भी बच्चों का हौसला बढ़ाया।प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। विजेता बच्चों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहेब का जीवन हमें शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।इस मौके पर अंबेडकर छात्र संघ के सदस्य, ग्रामीण गणमान्य लोग एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
