
ज्ञान-विज्ञान समिति की बैठक में शिक्षा व वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने पर जोर
चांद (कैमूर), 15 अप्रैल 2026: प्रखंड मुख्यालय स्थित मानव भारती स्कूल, चांद में बुधवार को ज्ञान-विज्ञान समिति, बिहार के तत्वाधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे किया गया, जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मजबूत करने तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई।बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रिंसिपल विकास कुमार पांडेय ने की।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बच्चों और युवाओं के बीच वैज्ञानिक सोच का विकास अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे अंधविश्वास से दूर रहकर तार्किक एवं प्रगतिशील समाज के निर्माण में योगदान दे सकें।बैठक में ज्ञान-विज्ञान समिति के जिला सचिव बिरजू प्रसाद, जिला कोषाध्यक्ष अशोक सिंह सहित समिति के कार्यकारिणी सदस्य सुदामा राम, मीरा देवी, रामनारायण प्रसाद, शिवमोहन बिंद, राम प्यारे प्रसाद एवं अमरजीत चौहान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने जिले में विज्ञान आधारित कार्यक्रमों के आयोजन, स्कूल स्तर पर विज्ञान गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने शिक्षा के प्रसार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
