
सतौना पुल के पास दर्दनाक सड़क हादसा, एक की मौत, दो गंभीर घायलचैनपुर (कैमूर), संवाददाता:चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत हाटा के सतौना पुल के समीप बुधवार की रात करीब 9 बजे एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में भारतमाला परियोजना के तहत मिट्टी ढुलाई का कार्य चल रहा है। इसी दौरान मिट्टी लदे एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक सवारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतक की पहचान गुलाब चौहान के 24 वर्षीय पुत्र दशमी चौहान के रूप में की गई है। वहीं घायलों की पहचान तुलसी चौहान और कुलदीप चौहान के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चैनपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए हंगामा किया और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन हरकत में आया।
चैनपुर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। उनके हस्तक्षेप के बाद हालात जल्द ही सामान्य हो गए।इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
। ( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
