
कैमूर जिले के चांद प्रखंड अंतर्गत जीना रोड के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान चैनपुर निवासी वार्ड संख्या 11 के शमशाद कलेंदर (पिता– गुड्डू कलेंदर) एवं एकलाख मोहम्मद (पिता– महमूद कलंदर) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक चैनपुर बाजार में चूड़ी की दुकान चलाते थे और दुकान के लिए सामान खरीदने वाराणसी (उत्तर प्रदेश) गए थे।गुरुवार को दोनों युवक वाराणसी से सामान लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जीना रोड के पास एक बड़े वाहन को ओवरटेक करने के क्रम में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रैक्टर की ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है।इस घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। दोनों युवक अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे, जिनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)
