
कुदरा में अज्ञात व्यक्ति की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
कैमुर जिला के कुदरा थाना क्षेत्र के चिलबिली गांव स्थित फ्लाईओवर ब्रिज के समीप शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तथा कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर के पास एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा।
लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जांच के दौरान व्यक्ति को मृत पाया गया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।मौके पर मौजूद अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आशंका जताई है कि मौसम में हो रहे अचानक बदलाव—गर्मी और ठंड के प्रभाव—के कारण व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर भभुआ सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।थाना पुलिस ने बताया कि शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक सदर अस्पताल में सुरक्षित रखा जाएगा। यदि इस दौरान मृतक की पहचान नहीं हो पाती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
