
आर्ट ऑफ़ गिविंग का 13वां अंतर्राष्ट्रीय दिवस: ‘Share to Shine’ थीम के साथ 17 मई तक विविध कार्यक्रमों की श्रृंखलाभभुआ/पटना (बिहार): आर्ट ऑफ़ गिविंग का 13वां अंतर्राष्ट्रीय दिवस बिहार के विभिन्न जिलों, प्रखंडों, पंचायतों, गांवों, कॉलेजों, विद्यालयों, सोसाइटी एवं क्लबों में 7 मई से 17 मई तक उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस वर्ष का थीम “Share to Shine” (बाँटिए और चमकिए) रखा गया है, जो समाज में सहयोग, करुणा और सकारात्मकता को बढ़ावा देने का संदेश देता है।
बिहार के ब्रांड एंबेसडर शिवम कुमार ने बताया कि इस थीम का मूल भाव यह है कि जब व्यक्ति अपनी सोच, ज्ञान, समय, देखभाल या छोटी-सी मदद भी दूसरों के साथ साझा करता है, तो वह स्वयं को और अधिक समृद्ध महसूस करता है। इससे समाज में दयालुता, एकजुटता और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है।उन्होंने कहा कि आर्ट ऑफ़ गिविंग केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक जीवन दर्शन है, जो समाज में प्रेम, सेवा, उदारता, शांति और निःस्वार्थ भावना को स्थापित करने का कार्य करता है।
उन्होंने इसके संस्थापक डॉ. अच्युत सामंत को समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रेरणास्रोत बताया।इस अवसर पर राज्यभर में विभिन्न रचनात्मक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें पड़ोसियों से परिचय एवं मित्रता बढ़ाना, “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण, बच्चों के बीच कविता, निबंध, पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिता, “माई मदर माई हीरो” सेल्फी डे, जरूरतमंद बच्चों को कपड़ा एवं शैक्षणिक सामग्री वितरण, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, स्वच्छता अभियान, कैरियर गाइडेंस, खेलकूद प्रतियोगिता, पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था, बेजुबान जानवरों को भोजन कराना, “चाय पर चर्चा”, तथा “शेयर स्माइल” अभियान के तहत छोटे-छोटे उपहार देकर लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।इसके अलावा समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करने की भी योजना है।
इन सभी कार्यक्रमों में जिले के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षक, मुखिया, वार्ड सदस्य, आशा कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं, एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट, डॉक्टर एवं स्थानीय नागरिक सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।आयोजकों का मानना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से न केवल समाज में आपसी जुड़ाव बढ़ेगा, बल्कि दया, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ एक खुशहाल एवं संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक पहल होगी।
। ( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
