
चैनपुर में दो पीडित परिवारों को ने दी आर्थिक राहत
कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड में प्रशासन द्वारा दो अलग-अलग दुखद घटनाओं में प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। एक ओर गैस सिलेंडर हादसे में जान गंवाने वाली महिला के आश्रित को 4 लाख रुपये की सहायता दी गई, वहीं हाल ही में हुए हत्या मामले में मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ के तहत 20 हजार रुपये प्रदान किए गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत हाटा निवासी सावित्री देवी (पति स्वर्गीय भग्न गोसाईं) की अप्रैल माह में गैस सिलेंडर लीक होने के कारण तबीयत गंभीर हो गई थी। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया और आर्थिक संकट भी गहरा गया।घटना के बाद स्थानीय विधायक मोहम्मद जमा खान के प्रयासों से प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायता प्रक्रिया शुरू की। मृतका की आश्रित पुत्री माला कुमारी को आपदा राहत मद के तहत 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। मंगलवार को चैनपुर अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अंचल अधिकारी (सीओ) एवं विधायक प्रतिनिधि द्वारा संयुक्त रूप से माला कुमारी को चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया।इसी दौरान चैनपुर में हुए एक हत्या मामले में मृतक नखडु शर्मा के परिजनों को भी राहत दी गई।
प्रशासन द्वारा पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के आश्रितों को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने पीड़ित परिवार को सरकारी आवास योजना में नाम जोड़ने का आश्वासन दिया, जिससे उन्हें भविष्य में स्थायी सहारा मिल सके।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आपदा एवं आकस्मिक घटनाओं से प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि ऐसी परिस्थितियों में आर्थिक सहायता पीड़ित परिवारों के लिए संबल का काम करती है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मिली सहायता से जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलती है। वहीं जनप्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि आगे भी हर संभव सहयोग जारी रहेगा।यह घटनाएं एक ओर जहां गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूकता की जरूरत को दर्शाती हैं, वहीं दूसरी ओर यह भी स्पष्ट करती हैं कि आकस्मिक घटनाओं के बाद त्वरित सरकारी सहायता पीड़ित परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
