
जन समस्याओं के समाधान को लेकर कुदरा अंचल में लगा जनता दरबार
भूमि विवाद समेत विभिन्न मामलों की हुई सुनवाई, 10 आवेदनों का ऑन द स्पॉट निपटारा
कुदरा (कैमूर): कैमूर जिले के कुदरा अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता अंचलाधिकारी ने की। जनता दरबार में क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, राजस्व संबंधी शिकायतें, पारिवारिक विवाद तथा सरकारी योजनाओं से जुड़े कुल 20 आवेदन प्राप्त हुए।
इनमें से 10 मामलों का तत्काल निष्पादन कर लोगों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों के जल्द समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।अंचलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का पारदर्शी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया।जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिससे उन्हें समाधान की उम्मीद जगी। इस दौरान अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)
